माधवनगर दशहरा चल समारोह को लेकर नई टीम हुई गठित, बंटू रोहरा बने जुलूस प्रभारी
कटनी। माधवनगर के ऐतिहासिक दशहरा चल समारोह को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में माधव श्री रामलीला एवं दशहरा कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। नई कार्यकारिणी में समाजसेवी सुशील मोटवानी को कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं बंटू रोहरा को दशहरा चल समारोह का जुलूस प्रभारी, सुनील तलुजा को कार्यकारी अध्यक्ष तथा राजा जगवानी को दशहरा चल समारोह कंट्रोल रूम प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई जिम्मेदारियां मिलने पर माधवनगर के वरिष्ठ समाजसेवियों एवं नागरिकों ने सभी पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। समाजसेवियों ने कहा कि सक्रिय एवं ऊर्जावान साथियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने से इस वर्ष के दशहरा चल समारोह को नई ऊर्जा मिलेगी। कमेटी से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा समारोह को अधिक व्यवस्थित, भव्य और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए आने वाले दिनों में विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।