शराब के नशे में ट्रक चलाते चालक को निवार पुलिस ने पकड़ा, वाहन जब्त कर न्यायालय में किया पेश

कटनी। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निवार पुलिस ने शराब के नशे में ट्रक चला रहे एक चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त किया और प्रकरण में इस्तगासा तैयार कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले में शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 29 सितंबर को चौकी निवार, थाना माधवनगर पुलिस द्वारा ग्राम निवार बाजार में वाहन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान स्वराज मजदा ट्रक क्रमांक MP 20 XA 6763 के चालक को पुलिस ने रोककर जांच की। चालक की पहचान अरविंद वंशकार पिता रामू वंशकार, निवासी वार्ड क्रमांक 03, ग्राम मटवारा, तहसील बहोरीबंद, थाना स्लीमनाबाद, जिला कटनी के रूप में हुई।
पुलिस ने चालक की एल्कोहल एनालाइजर मशीन से जांच की, जिसमें उसके शराब के सेवन की पुष्टि हुई। शराब के नशे में वाहन चलाने पर चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने ट्रक को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त कर अपने कब्जे में लिया। प्रकरण में चौकी निवार, थाना माधवनगर पुलिस द्वारा इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, सहायक उप निरीक्षक राजेश कोरी, कामेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, अंकित दुबे, संतोष प्रजापति, आरक्षक अरविंद एवं बकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।