कटनी वनमंडल में वन भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास विफल, वन विभाग ने दी समझाइश

कटनी। कटनी वनमंडल के बड़वारा परिक्षेत्र अंतर्गत पिपरिया बीट में वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास को वन विभाग के अमले ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया। ग्राम पिपरिया की करीब 60 से 70 महिलाएं वन भूमि की सफाई कर रही थीं। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को कार्य रोकने की समझाइश दी।
मौके पर वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) गर्वित गंगवार और बड़वारा रेंज अधिकारी दशमत सिंह ने वन अमले के साथ ग्रामीणों से चर्चा की। अधिकारियों ने वन अधिकार अधिनियम (FRA) के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि व्यक्तिगत वन अधिकार के लिए अधिनियम में निर्धारित पात्रता और 13 दिसंबर 2005 की कट-ऑफ तिथि महत्वपूर्ण है। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को यह भी समझाया कि सामुदायिक वन अधिकारों के प्रावधानों को वन भूमि पर मनमाने ढंग से बसने या खेती करने की अनुमति के रूप में नहीं देखा जा सकता। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी ऐसे व्यक्ति के बहकावे में न आएं, जो नई वन भूमि साफ करवाकर खेती या बसाहट के लिए जमीन दिलाने का दावा करता हो।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के झांसे में आकर वन भूमि की कटाई या सफाई करने से ग्रामीण कानूनी कार्रवाई की चपेट में आ सकते हैं। समझाइश के बाद ग्रामीणों ने भविष्य में वन भूमि पर अतिक्रमण, कटाई या सफाई नहीं करने का आश्वासन दिया। वन विभाग ने वन संपदा की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में निगरानी और गश्त जारी रखने की बात कही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *