कटनी जिला अस्पताल में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत से महिला ने लगाई छलांग, हालत गंभीर
कटनी। जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात महिला निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत की छत पर पहुंच गई और देखते ही देखते नीचे छलांग लगा दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
छत पर महिला को देख जमा हुई भीड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की नजर निर्माणाधीन भवन की छत पर खड़ी महिला पर पड़ी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों ने महिला को नीचे नहीं कूदने के लिए आवाज लगाई। कुछ लोग उसे बचाने के लिए इमारत की ओर भी दौड़े, लेकिन उनके ऊपर पहुंचने से पहले ही महिला ने छत से छलांग लगा दी।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
ऊंचाई से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही अचेत हो गई। अस्पताल स्टाफ और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है। फिलहाल महिला की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
महिला की पहचान नहीं हो सकी
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने के साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला अस्पताल परिसर में कब पहुंची और किन परिस्थितियों में निर्माणाधीन भवन की छत तक गई। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, महिला के होश में आने और उसकी पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।