गणेश उत्सव पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने पुलिस ने कसी कमर, शांति और सुरक्षा का संदेश लेकर कोतवाली क्षेत्र में निकाला फ्लैग मार्च, अपराधिक तत्वों से निपटने पुलिस मुस्तैद
कटनी। गणेश उत्सव एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। त्योहारों में शांति व्यवस्था भंग करने की मंशा रखने वाले अपराधिक तत्वों को कड़ा संदेश देते हुए मंगलवार को पुलिस अधिकारियों के द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों के अलावा भीड़भाड़ वाले इलाके में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में निकाला गया फ्लैग मार्च मिशन चौक से प्रारंभ हुआ। पुलिस बल ने आजाद चौक, शेर चौक, सुख्खन चौक, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, सुभाष चौक, कमानिया गेट, विश्वकर्मा पार्क, मगही मंदिर, गणेश चौक, सिविल लाइन, फॉरेस्टर ग्राउंड होते हुए थाना तिराहा तक पैदल मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद करते हुए आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। साथ ही नागरिकों को अफवाहों से दूर रहने और किसी भी अपुष्ट सूचना को आगे प्रसारित नहीं करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कटनी पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
इनकी रही मौजूदगी
फ्लैग मार्च में मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य हेड क्वार्टर डीएसपी रत्नेश मिश्रा, अजाक डीएसपी शिवा पाठक, कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दहिया, आरआई संध्या सिंह, रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।