उपद्रवियों को दिया कड़ा संदेश, आम नागरिकों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा, गणेश उत्सव को लेकर कुठला पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई की दी चेतावनी
कटनी। आगामी गणेश उत्सव एवं अनंत चतुर्दशी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कुठला पुलिस ने मंगलवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में यह फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस बल ने ग्राम कन्हवारा, इंद्रानगर, सरलानगर और पन्ना मोड़ क्षेत्र में पैदल मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद कर आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। पुलिस का कहना है कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, असामाजिक तत्वों में कानून का भय बनाए रखना तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखना है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान हुड़दंग, उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को देने की अपील की गई है। फ्लैग मार्च में कुठला थाना पुलिस के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की है।