कुठला बस्ती में चाकूबाजी, युवक की हालत गंभीर, जबलपुर रेफर, आपसी विवाद बना कारण
कटनी। बस स्टैंड पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत कुठला बस्ती में आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। वारदात में क्षेत्र निवासी प्रभु पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पेट में चाकू लगने से गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में कुछ युवक कथित तौर पर रोजाना बैठकर नशा करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रभु पटेल ने उन्हें वहां बैठकर नशा करने से मना किया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने पहले सब्जी का ठेला पलट दिया और इसके बाद प्रभु पटेल पर चाकू से हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों ने घटना में जितेंद्र यादव सहित अन्य युवकों के शामिल होने की बात कही है। हालांकि, आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल प्रभु पटेल को तत्काल जिला चिकित्सालय कटनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। कोतवाली टीआई राखी पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।