गणेश विसर्जन और आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने घाटों का किया निरीक्षण, कानून-व्यवस्था की तैयारियों का लिया जायजा
कटनी। आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले के प्रमुख नदी एवं तालाब घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों के साथ गाटर घाट, माई नदी, मोहन घाट, मसुरहा घाट, चाका तालाब, पुरैनी कुण्ड, पीर बाबा, रपटा घाट एवं छपरवाह घाट सहित अन्य गणेश विसर्जन स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों पर सतत नजर बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
कटनी पुलिस की आमजन से अपील
कटनी पुलिस ने नागरिकों से आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने नदी एवं तालाब घाटों पर प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।