परसवारा-खैरहाई रोड पर पकड़ा गया शराब तस्कर, विजयराघवगढ़ पुलिस ने की कार्रवाई, 74 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
कटनी। विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 74 लीटर देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 38,400 रुपये बताई गई है, जब्त की है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी।
17 सितंबर 2026 को पुलिस टीम को परसवारा-खैरहाई रोड पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी। मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZD 6354 पर सवार व्यक्ति दो थैले लेकर जा रहा था। एक थैला मोटरसाइकिल की पीछे की सीट पर रस्सी से बंधा था, जबकि दूसरा थैला मोटरसाइकिल के हुक में फंसा हुआ था। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। उसकी पहचान कैलाश वर्मन पिता कमलेश वर्मन, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कारितलाई, थाना विजयराघवगढ़, जिला कटनी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 74 लीटर देशी मदिरा बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, शराब के संबंध में आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में आगे की विवेचना शुरू कर दी है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सहायक उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक पप्पू प्रजापति एवं प्रधान आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।