
कटनी। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने मोडिफाइड सायलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज के साथ बुलेट चलाने वाले वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 की रात सूचना मिली थी कि एक बुलेट में मोडिफाइड सायलेंसर लगाकर शहर की सड़कों पर तेज एवं पटाखे जैसी कर्कश आवाज के साथ वाहन चलाया जा रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुड़वारा स्टेशन रोड के पास उक्त बुलेट को रोककर जांच के लिए थाना लाया।
जांच के दौरान बुलेट में मोडिफाइड सायलेंसर लगा पाया गया। पुलिस ने वाहन क्रमांक MP21ZB4763 के मालिक को मौके पर बुलाया और बुलेट में लगा मोडिफाइड सायलेंसर हटवाकर कंपनी द्वारा निर्धारित मानक का सायलेंसर लगवाया। इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त किया गया। पुलिस ने वाहन चालक एवं मालिक को भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की सख्त हिदायत दी। वाहन मालिक ने भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसी स्थिति नहीं बनने की बात कही।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से मोडिफाइड सायलेंसर, तेज रफ्तार, शराब के नशे में वाहन चलाने सहित अन्य यातायात उल्लंघनों पर कार्रवाई की जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाया जा सके। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी, उमेश सिंह, आरक्षक अजय प्रताप सिंह एवं मंसूर हुसैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।