घटना के चंद घंटों बाद कुठला पुलिस ने चाकूबाजी के दो विधि उल्लंघनकारी बालकों को किया गिरफ्तार

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के इन्द्रानगर में चाकूबाजी की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो विधि उल्लंघनकारी बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों से पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। किशोर न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को जबलपुर स्थित बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, इन्द्रानगर गली नंबर 7 निवासी 24 वर्षीय मनी शंकर निषाद ने कुठला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका चचेरा भाई विकास निषाद घर आया और उसने बताया कि दो लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। हमले में विकास के बाएं हाथ की बाजू और दाहिने पैर की जांघ के पीछे चाकू से वार किए गए, जिससे वह घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान घायल से पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने दो विधि उल्लंघनकारी बालकों की पहचान की। पुलिस ने दोनों को 15 सितंबर 2026 को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
दोनों बालकों को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जबलपुर बाल संप्रेषण गृह भेजे जाने के आदेश दिए गए। इसके बाद दोनों को बाल संप्रेषण गृह में दाखिल कराया गया। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भापुसे) के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, सउनि श्यामनारायण सिंह, तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, आरक्षक मनोज राजपूत, विजय प्रजापति सहित अन्य पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।