कटनी में 16 सितंबर को धूमधाम से निकाली जाएगी भगवान श्री विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा
कटनी। सर्व विश्वकर्मा समाज कटनी के तत्वावधान में इस वर्ष भी देवशिल्पी भगवान श्री विश्वकर्मा जी की भव्य शोभायात्रा का आयोजन बेहद हर्षोल्लास के साथ किया जाना है। समाज के वरिष्ठजनो एवं सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह भव्य शोभायात्रा 16 सितंबर (बुधवार) को दोपहर 2 बजे से निकाली जाएगी।
यह शोभायात्रा श्री विश्वकर्मा मंदिर सिविल लाइन, कटनी से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक, गांधी द्वार, झंडा बाजार, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, श्री दीक्षण मुखी हनुमान मंदिर, रेलवे स्टेशन, शंकर टॉकीज से होते हुए वापस श्री विश्वकर्मा मंदिर पर आकर संपन्न होगी।
इस दौरान भगवान श्री विश्वकर्मा जी की महाआरती की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि आरती के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन (महाप्रसाद) की विशेष व्यवस्था की गई है। सर्व विश्वकर्मा समाज, कटनी ने शहर के सभी श्रद्धालु बंधुओं, माताओं, बहनों और धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस पावन शोभायात्रा में सपरिवार सम्मिलित होकर भगवान श्री विश्वकर्मा जी का आशीर्वाद प्राप्त करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।