नारायण प्रोडक्ट्स दाल मिल में सुरक्षा लापरवाही से हुई थी महिला की मौत, जांच के बाद संचालक इन्द्रकुमार पंजवानी पर दर्ज हुई FIR, महिला श्रमिक की साड़ी अचानक साफ्ट में फंसने से गई थी जान

कटनी। माधव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायण प्रोडक्ट दाल मिल में सुरक्षा इंतजामों की गंभीर अनदेखी के कारण हुई महिला मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने एक महीने बाद बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस जांच के बाद मिल संचालक इन्द्रकुमार पंजवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
सुरक्षा उपकरणों के अभाव में गई 28 वर्षीया प्रियंका की जान
घटना 14 अगस्त 2026 की दोपहर लगभग 01:20 बजे की है। मानसरोवर, बंगाली कॉलोनी (यादव मोहल्ला) निवासी 28 वर्षीया प्रियंका यादव (पति जुगल किशोर यादव) नारायण प्रोडक्ट दाल मिल में काम कर रही थीं। मिल परिसर में सुरक्षा का कोई भी पुख्ता इंतजाम नहीं था। काम के दौरान प्रियंका की साड़ी अचानक मिल के चालू साफ्ट में फंस गई, जिससे वह हादसे का शिकार हो गईं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की थी। घटना के ठीक एक महीने बाद, 14 सितंबर 2026 को रात 01:34 बजे थाना माधव नगर के प्रधान आरक्षक (क्र. 240) राहुल सिंह की ओर से कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।
जांच में मिल संचालक की लापरवाही सिद्ध होने पर पुलिस ने आरोपी इन्द्रकुमार पंजवानी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 973/26 के तहत धारा 289 (मशीनरी के संबंध में लापरवाह आचरण) एवं धारा 106(1) (लापरवाही से मृत्यु कारित करना), भारतीय न्याय संहिता (BNS) का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *