स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग, 40 वाहनों का हुआ सत्यापन, विजयराघवगढ़ पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, चालकों को सुरक्षा व यातायात नियमों की दी जानकारी

कटनी। 9 सितंबर को थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे को ध्यान में रखते हुए विजयराघवगढ़ पुलिस ने रविवार, 13 सितंबर को स्कूली वाहनों की सघन जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत थाना क्षेत्र में संचालित निजी एवं अर्द्धशासकीय स्कूलों के वाहनों को थाना परिसर में बुलाकर उनके दस्तावेजों की जांच और भौतिक सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान सभी स्कूली वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन किया गया। वाहन चालकों के संबंध में थाना स्तर पर आपराधिक अभिलेखों की जानकारी प्राप्त कर उनका क्रमवार सत्यापन किया गया और इसकी प्रविष्टि रजिस्टर में दर्ज की गई। पुलिस ने वाहनों की भौतिक स्थिति की भी जांच की। इस दौरान वाहनों के दरवाजे ठीक प्रकार से संचालित हो रहे हैं या नहीं, बच्चों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी इंतजाम सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का निरीक्षण किया गया। खबर लिखे जाने तक करीब 40 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी थी।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि अवकाश के दिनों में विशेष अभियान चलाने का उद्देश्य स्कूली बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों की व्यवस्थित जांच करना है, ताकि स्कूल संचालित होने के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से परेशान या वाहनों को रोकना न पड़े। उन्होंने बताया कि अभियान की कार्रवाई सोमवार को भी जारी रहेगी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों एवं यातायात नियमों की जानकारी दी। स्कूल संचालकों, वाहन स्वामियों एवं चालकों को वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखने, बच्चों के वाहन में सवार होने के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *