लोक अदालत शिविर में नगर निगम को रिकॉर्ड सफलता, हजारों हितग्राहियों को पहुंचाया छूट का लाभ, देर रात तक राजस्व का अमला शिविरों में डटा
कटनी। नेशनल लोक अदालत के माध्यम से अपने हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए आज सुबह से ही नगर निगम का राजस्व अमला जगह पर लगाए गए शिविरों में डटा रहा। सुबह से लेकर देर रात तक शिविरों में हजारों हितग्राहियों को छूट का लाभ दिलाते हुए नगर निगम के राजस्व दल ने रिकॉर्ड सफलता हासिल करते हुए शिविर को सफल बना दिया।
नेशनल लोक अदालत शिविरों के संबंध में बातचीत करते हुए नगर निगम कटनी के राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक ने कहा कि जलकर, संपत्तिकर सहित अन्य बकाया प्रकरणों के निराकरण हेतु आज नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसके तहत सुबह 10 बजे से 6 बजे तक , नगर के पांच स्थलों में लोक अदालत शिविर का आयोजन हुआ। नागरिकों को निगम के बकाया कर जमा करने पर अधिभार में 100 प्रतिशत तक की छूट का लाभ शिविर में प्रदान किया गया। शिविर में अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए राजस्व की टीम पूरे दिन हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें शिविर स्थलों तक लाने के काम में जुटी रही। यही वजह है कि हजारों की संख्या में आज हितग्राहियों को नगर निगम की राजस्व टीम ने छूट का लाभ दिलाने में सफलता हासिल की। शिविर के प्रति लोगों का उत्साह देखते हुए सुभाष चौक सहित नगर निगम कार्यालय के काउंटर देर रात तक खुले रहे और वहां पर अधिकारी अधिक से अधिक हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने की कोशिश में जुटे रहे।