सुरक्षा के लिए बनाएं रोडमैप, अवैध शराब पर करें कार्रवाई, अपराध समीक्षा बैठक में बोले एसपी कटनी अभिनय विश्वकर्मा, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी हेडक्वार्टर, एसडीओपी स्लीमनाबाद सहित शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक थाना क्षेत्र की अपराध स्थिति की आंकड़ों के आधार पर समीक्षा की। उन्होंने लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, संपत्ति संबंधी अपराध, लघु अधिनियम के प्रकरण, न्यायालयीन समंस एवं वारंट की तामीली तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का रोडमैप तैयार करने के निर्देश
आगामी गणेश चतुर्थी, गणेश विसर्जन, नवरात्रि, दुर्गा विसर्जन, दशहरा एवं दीपावली को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को समय रहते सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने समितियों की जानकारी एवं जांच, प्रतिमा पंडालों, जुलूस मार्गों, विसर्जन स्थलों और संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
अवैध शराब माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने जिले में अवैध शराब के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाकर शराब माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सागर जिले में जहरीली शराब की घटना के मद्देनजर इस मामले में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
लंबित मामलों और फरार आरोपियों पर विशेष फोकस
एसपी ने पुराने एवं लंबित अपराधों का शीघ्र निराकरण करने तथा फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गंभीर मामलों की राजपत्रित अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रकरणों के जल्द खुलासे के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने विवेचना पूर्ण होने के बाद निर्धारित समय-सीमा में न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
संगठित अपराधों की जड़ तक पहुंचने के निर्देश
एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों, गंभीर अपराधों एवं संगठित आर्थिक अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपराध के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क और गिरोह का पता लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में केवल सतही कार्रवाई न हो, बल्कि अपराध की जड़ तक पहुंचकर आरोपियों और उनके सहयोगियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन को बेहतर एवं सुरक्षित पुलिसिंग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *