अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ निवार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, 2 क्विंटल लाहन कराया नष्ट, दो आरोपियों के ऊपर प्रकरण दर्ज
कटनी। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत निवार पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने ग्राम बिचपुरा, टेढ़ी, सुनहरा और मनिहरा क्षेत्र में अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश देकर करीब 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है। वहीं मौके से करीब 2 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शीलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में निवार चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
दो स्थानों पर दी दबिश
11 सितंबर को निवार पुलिस ने अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने कौशल लूनिया पिता जमुना प्रसाद, उम्र 58 वर्ष, निवासी टेढ़ी तथा कल्लू लूनिया पिता चिरमन लूनिया, उम्र 42 वर्ष, निवासी टेढ़ी के ठिकानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 200 किलोग्राम महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट कराया गया।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों को नशे से दूर रहने की समझाइश देते हुए अवैध शराब एवं मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पूरी कार्रवाई निवार चौकी प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक अंकित दुबे, आरक्षक बकील यादव, अरविंद दुबे सहित अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।