दिसंबर तक पूरा होगा बिलहरी-कैमोरी-स्लीमनाबाद मार्ग का महत्वपूर्ण पुल, कलेक्टर ने किया निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को बिलहरी-कैमोरी-स्लीमनाबाद मार्ग पर कटनी नदी एवं बहुड़ा नदी के संगम पर निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पुल का निर्माण दिसंबर माह के अंत तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से इस पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पुल के पूरा होने के बाद क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को सालभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप ही कार्य कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि पुल का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा होना चाहिए, जिससे ग्रामीणों को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
दर्जनों गांवों को मिलेगा बारहमासी आवागमन
निर्माणाधीन पुल के तैयार होने से निटर्रा, बांधा इमलाज, हथकुरी, घुघरा, खरखरी, नैगवां, पिपरिया परौहा, बड़खेरा सहित आसपास के अनेक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से आवागमन प्रभावित होता है। पुल के निर्माण के बाद ग्रामीणों को बारहमासी और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत होगी।
अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि कार्य की गति बढ़ाते हुए दिसंबर मासांत तक पुल का निर्माण पूरा कराया जाए। साथ ही उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि तैयार होने वाला पुल लंबे समय तक ग्रामीणों के लिए उपयोगी और सुरक्षित बना रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक प्रभात जैन, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, पर्यावरणविद् निर्भय सिंह सहित संबंधित अधिकारी और स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।