मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. अक्षत यादव के परिजनों से वीडियो कॉल पर की बात, दुःख की घड़ी में परिजनों को बंधाया ढांढस, कहा—मध्यप्रदेश सरकार परिवार के साथ

कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय से कटनी के दुबे कॉलोनी निवासी स्व. अक्षत यादव (19 वर्ष) के पिता श्री मंतू सिंह यादव एवं परिजनों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि अक्षत के साथ हुई दुर्घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। इस कठिन समय में वे स्वयं और पूरी मध्यप्रदेश सरकार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने परिजनों से संवेदनापूर्वक चर्चा करते हुए स्व. अक्षत के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि स्व. अक्षत यादव दिल्ली में रहकर दिल्ली विश्वविद्यालय में बी.कॉम. द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे और साथ ही संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी भी कर रहे थे। विगत 6 सितंबर को दिल्ली में एक निजी पीजी हॉस्टल की पूरी इमारत ढह जाने की दुर्घटना में अक्षत का असामयिक निधन हो गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा मंत्रालय से स्व. अक्षत के पिता से वीडियो कॉल पर की गई बातचीत के दौरान मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, नवलेश मलिक, रजनीश तिवारी एवं राय प्रताप सिंह मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *