पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार, मुख्य आरोपी से चाकू बरामद, एक आरोपी फरार

कटनी। अहमद नगर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे अहमद नगर निवासी समीर अंसारी (26) चाय की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान महेन्द्र चौधरी, अभिषेक चौधरी, पवन चौधरी उर्फ डंका चौधरी और तनवीर खान वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने समीर के साथ मारपीट की। इसी दौरान महेन्द्र चौधरी ने चाकू निकालकर समीर के सिर पर दो वार किए। तीसरी बार हमला करने पर बचाव के दौरान चाकू उसकी बांयी आंख के पास लग गया, जिससे वह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
मामले की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चाका बायपास के पास घेराबंदी कर महेन्द्र उर्फ लक्की चौधरी, अभिषेक चौधरी और पवन चौधरी उर्फ डंका चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महेन्द्र के कब्जे से चाकू बरामद किया है। घटना का चौथा आरोपी तनवीर खान फरार है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन एवं कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में बस स्टैंड चौकी प्रभारी नेहा मौर्य सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *