जीजा के कहने पर बेचता था गांजा, कोतवाली पुलिस ने 2.188 किलो गांजे के साथ साले को किया गिरफ्तार, जीजा पर भी सप्लाई का आरोप, जीजा फरार
कटनी। कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.188 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने गांजा अपने जीजा से मिलने और उसे बेचने के बाद रकम जीजा को देने की बात बताई है। पुलिस ने इस आधार पर जीजा को भी मामले में आरोपी बनाया है, जो कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय को सिविल लाइन और गायत्री नगर पुलिया क्षेत्र में गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री किए जाने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी और संदिग्धों की चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में 8 सितंबर को थाना मोबाइल टीम गायत्री नगर पुलिया, रेलवे पंप रोड के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति सुनसान स्थान पर पेड़ के नीचे सफेद रंग का थैला लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह थैला लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चूड़ामणि दुबे (35), निवासी झलवारा, थाना एनकेजे, जिला कटनी बताया। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर पन्नी में गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजे की कुल मात्रा 2.188 किलोग्राम निकली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अप.क्र. 1021/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पूछताछ में जीजा का नाम सामने आया
पुलिस पूछताछ में चूड़ामणि दुबे ने बताया कि उसका जीजा सुरेश तिवारी, निवासी सिविल लाइन, कटनी, उसे गांजा बेचने के लिए उपलब्ध कराता था। गांजा बेचने के बाद मिलने वाली रकम वह अपने जीजा को दे देता था। आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने सुरेश तिवारी को भी मामले में नामजद किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जानकारी मिलते ही सुरेश तिवारी अपने ठिकाने से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
पहले भी हो चुका है दोषसिद्ध
थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के अनुसार, सुरेश तिवारी थाना क्षेत्र का आदतन अपराधी है। थाना कोतवाली कटनी के वर्ष 2022 के एक मामले में न्यायालय द्वारा उसे 10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया था। वर्तमान में वह जमानत पर है। पुलिस का कहना है कि नए मामले में उसके द्वारा जमानत की शर्तों का उल्लंघन किए जाने की स्थिति में पूर्व प्रकरण में जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.188 किलोग्राम गांजा, अनुमानित बाजार मूल्य 20 हजार रुपये, जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में उनि. कुलदीप सिंह, प्र.आर. विरेन्द्र तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह एवं रोहित राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब, गांजा, स्मैक, नाईट्रावेट सहित अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।