कच्ची शराब के ठिकानों पर विजयराघवगढ़ पुलिस की दबिश, एक लाख का महुआ लाहन कराया नष्ट, पारधी डेरों और बहेलिया बस्ती में कार्रवाई, 5 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त

कटनी। अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विजयराघवगढ़ पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बरहटा, गोइन्द्रा और नड़ेरा में दबिश दी। पुलिस टीम ने विभिन्न ठिकानों से बड़ी मात्रा में महुआ लाहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया। पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए महुआ लाहन की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने ग्राम बरहटा स्थित पारधी डेरों सहित ग्राम गोइन्द्रा और नड़ेरा में संदिग्ध ठिकानों पर रेड कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से शराब बनाने के लिए तैयार किया गया महुआ लाहन मिला, जिसे पुलिस ने नष्ट कर दिया।
5 लीटर कच्ची शराब जब्त, आरोपी पर मामला दर्ज
कार्रवाई के दौरान ग्राम रोहनिया निवासी लक्ष्मण केवट (61) के कब्जे से ग्राम रोहनिया नई बस्ती, तिरगड्डा के पास हाथ भट्टी से निर्मित करीब 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(ए) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक श्यामदास कोल, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक नीतेश सिंह एवं प्रधान आरक्षक वाहन चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।