बण्डा की घटना के बाद कटनी आबकारी विभाग की टूटी नींद, कलेक्टर के निर्देश पर शराब दुकानों की शुरू की सघन जांच, विभिन्न ब्रांडों के नमूने परीक्षण के लिए भेजे

कटनी। सागर जिले के बण्डा में जहरीली शराब की घटना में कई लोगों की मौत हो जाने के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग की नींद टूटी और आनन फानन में जिले की शासकीय मदिरा दुकानों की सघन जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई शुरू की गई।
जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम ने बताया कि पिछले दो दिनों से आबकारी विभाग का अमला जिले की विभिन्न मदिरा दुकानों पर पहुंचकर अलग-अलग ब्रांड की मदिरा के नमूने एकत्र कर रहा है। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच की यह कार्रवाई रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों में भी जारी रखी गई, ताकि जिले में मदिरा की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की आशंका की गुंजाइश न रहे। उन्होंने बताया कि एहतियाती कदम के तौर पर जिले में प्रचलित विभिन्न मदिरा ब्रांडों के नमूने एकत्र किए गए हैं। दुकानों के निरीक्षण, सैंपलिंग और गुणवत्ता परीक्षण की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। विभाग द्वारा मदिरा की गुणवत्ता के साथ-साथ बिक्री व्यवस्था पर भी निगरानी रखी जा रही है।
क्यूआर कोड स्कैन कर जानें शराब की पूरी जानकारी
आबकारी विभाग ने बताया कि मदिरा की बोतलों पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन कर ग्राहक शराब से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। क्यूआर कोड के माध्यम से मैन्युफैक्चरिंग कंपनी का नाम, बिक्री वाले जिले का नाम तथा निर्माण की तारीख सहित अन्य विवरण की पुष्टि की जा सकती है। विभाग ने नागरिकों से मदिरा खरीदते समय बोतल पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन कर जानकारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
मिलावट या संदिग्ध शराब की सूचना तत्काल दें
आबकारी विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल शासकीय मदिरा दुकानों से ही मदिरा क्रय करें। यदि किसी व्यक्ति को शराब के स्वाद में असामान्य परिवर्तन, किसी प्रकार की गंध, रंग में बदलाव अथवा मिलावट होने का संदेह प्रतीत होता है, तो स्वयं सेवन करने के बजाय इसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दें। शिकायत अथवा सूचना के लिए जिला आबकारी कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07622-231217 पर संपर्क किया जा सकता है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *