वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला के निधन पर पत्रकारों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, आत्मीय पलों को याद कर उभर आई भावनाएं
कटनी। जिले के वरिष्ठ पत्रकार, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष शुक्ला के आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर शहर के पत्रकारों ने एसबीआई तिराहा स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोकसभा के दौरान पत्रकारों ने स्वर्गीय आशुतोष शुक्ला के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उनके साथ बिताए आत्मीय पलों को याद करते हुए कई पत्रकार भावुक हो उठे। वक्ताओं ने कहा कि आशुतोष केवल एक वरिष्ठ पत्रकार ही नहीं, बल्कि अपने साथियों के लिए हर समय उपलब्ध रहने वाले मददगार और आत्मीय साथी थे। पत्रकारों ने बताया कि किसी साथी को तकनीकी समस्या हो या पत्रकारिता से जुड़ी किसी अन्य परेशानी का सामना करना पड़ता हो आशुतोष बिना किसी औपचारिकता के मदद के लिए आगे आ जाते थे। वे साथियों के सुख-दुख में हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। उनका सहज, मिलनसार और सहयोगी व्यक्तित्व पत्रकारों के बीच उनकी अलग पहचान बनाता था।
वक्ताओं ने कहा कि आशुतोष शुक्ला का असमय निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक सक्रिय, जुझारू और सहयोगी साथी का अचानक यूं चले जाना सभी के लिए बेहद पीड़ादायक है। उनके योगदान और आत्मीय व्यवहार को पत्रकार साथी लंबे समय तक याद रखेंगे। शोकसभा के अंत में उपस्थित सभी पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।
ये पत्रकार रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ पत्रकार संतोष दुबे, अजय शर्मा, अमर ताम्रकार, शैलेश पाठक, विवेक शुक्ला, गिरीश श्रीवास्तव, अनिल तिवारी, वंदना तिवारी, प्रेम सिंह, शिव प्रताप सिंह, संजय अग्रवाल, मुकेश तिवारी, मुरली प्रथयानी, भवानी तिवारी, शकील खान, जाहिद हुसैन, असलम खान, जीतेन्द्र कोस्टा, रवि गुप्ता, प्रवीण पारासर, नवनीत गुप्ता, अरविन्द गुप्ता, अमित यादव, अनंत चतुर्वेदी, सचिन मिश्रा, सुभाष गर्ग, कृष्ण कुमार ठाकुर, अंकुश रजक, तपन निषाद, रोहित सेन, राकेश तिवारी, विजय उपाध्याय, हेमंत सिंह, अनुज आनंद, बबलू भाईजान सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे।