कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले तीन फरार आरोपी गिरफ्तार, बड़वारा पुलिस ने दबोचा, न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों भेजे गए जेल

कटनी। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में बड़वारा पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को ग्राम रोहनिया निवासी राघवेन्द्र सिंह मजदूरों का भुगतान करने ग्राम बस स्टैंड के पास अमित सोनी के घर गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर प्रदीप कचेर ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि रामकिशोर कचेर ने कुल्हाड़ी से जान से मारने की नीयत से राघवेन्द्र के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। वहीं नंदनी कचेर और प्रदीप कचेर द्वारा भी लाठी-डंडे से मारपीट किए जाने का आरोप है।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बड़वारा में अपराध क्रमांक 441/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं सहित एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बड़वारा उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने रामकिशोर कचेर (50), प्रदीप कचेर (26) और नंदनी कचेर (23), सभी निवासी ग्राम रोहनिया, थाना बड़वारा को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सउनि महेश प्रताप सिंह, सउनि रामनाथ साकेत, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, प्रधान आरक्षक पवनराज, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता मिश्रा, आरक्षक गोरीशंकर राजपूत एवं आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी की विशेष भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *