हनुमान मंदिर चोरी का कोतवाली पुलिस ने किया खुलासा, चांदी का मुकुट बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
कटनी। पुरानी कचहरी स्थित हनुमान मंदिर में हुई चांदी के मुकुट की चोरी का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए चोरी गया मुकुट बरामद कर लिया है। पुलिस ने चोरी करने वाले एक आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले सराफा व्यापारी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को मंदिर के पुजारी अनंत राम मिश्रा के पुत्र संस्कार मिश्रा ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मंदिर की खिड़की की जाली तोड़कर हनुमान जी का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया गया है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ में कैमोर निवासी 19 वर्षीय पवन नामदेव ने अपने साथी लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी का मुकुट सराफा बाजार के धर्मेन्द्र सोनी को 15 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने धर्मेन्द्र सोनी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से लगभग 25 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी पवन के हिस्से में आए 5 हजार रुपये में से 1,500 रुपये भी जब्त किए गए। फिलहाल पुलिस ने पवन नामदेव और धर्मेन्द्र सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि फरार आरोपी लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन की तलाश जारी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर चोरी का खुलासा किया गया। पुलिस टीम में प्र.आर. नितिन जायसवाल सहित कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।