राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने की राजस्व वसूली प्रगति की समीक्षा, संपत्तिकर एवं जलकर वसूली में तेजी लाने के साथ बकायादारों से प्रभावी संपर्क के दिए निर्देश

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में राजस्व वसूली कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं गति प्रदान करने के उद्देश्य से प्रभारी निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर मंगलवार शाम राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक द्वारा राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक मौजूद रहे। बैठक में राजस्व अधिकारी श्री पाठक द्वारा निगम के प्रमुख राजस्व स्रोत संपत्तिकर एवं जलकर वसूली की वर्तमान प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति हेतु वसूली बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश वसूली अमले के अधिकारी कर्मचारियों को दिए।
समीक्षा के दौरान संपत्तिकर एवं जलकर के बकायादार उपभोक्ताओं से वसूली की स्थिति, लंबित मांग तथा वसूली में आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई। राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने निर्देशित किया कि जलकर राहत योजना निगम के बड़े जलकर उपभोक्ताओं को बकाया राशि में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान करने तथा निगम की वर्षों से लंबित देनदारी को वसूलने के उद्देश्य से सीमित समय के लिए लागू की गई है। अत: योजना के मूल उद्देश्य को साकार करने बकायादारों से नियमित संपर्क कर उन्हें समय पर कर एवं जलकर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए तथा वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। इस दौरान वसूली की प्रगति की वार्डवार समीक्षा करते हुए कमजोर प्रदर्शन वाले कर्मचारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत को ध्यान में रखते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं वसूली सुनिश्चित करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही नागरिकों तक बिल समय पर पहुंचाने, जी.आई.एस. नोटिस की तामिली तथा भवन सर्वे एवं सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई, ताकि निगम की राजस्व मांग को अद्यतन रखते हुए वसूली कार्य को बेहतर बनाया जा सके।
राजस्व अधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन भवन स्वामियों को बिल तामील किए जा चुके हैं उन्हें डिमांड नोटिस भी जारी करें तथा जिन दुकानदारों के लंबे समय से राशि बकाया है उन दुकानों के बिल जारी कर, समय पर किराया जमा नहीं करने पर तालाबंदी की कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने ट्रेड लाइसेंस एवं बाजार शाखा से संबंधित वसूली कार्यों की भी समीक्षा की। ट्रेड लाइसेंस से संबंधित लंबित प्रकरणों का निराकरण कर पात्र व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को लाइसेंस के दायरे में लाने तथा बाजार क्षेत्र से संबंधित राजस्व वसूली को प्रभावी बनाने के निर्देश संबंधितों को दिए। बैठक में आउटसोर्स श्रमिकों द्वारा किए जा रहे राजस्व संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। राजस्व अधिकारी ने कहा कि वसूली कार्य निगम की आय बढ़ाने के साथ-साथ नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए सभी संबंधित कर्मचारी लक्ष्य आधारित एवं समन्वित तरीके से कार्य करते हुए राजस्व वसूली में अपेक्षित वृद्धि सुनिश्चित करें। बैठक में आगामी अवधि के लिए वसूली की कार्ययोजना एवं प्रगति की सतत समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान मुकेश राजपूत, प्रकाश पांडे, लव कुश तिवारी, राजकुमार प्यासी, विनोद सिंह चौहान एवं समस्त कर्मचारीयो की उपस्थिति रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *