भीड़ का फायदा उठाकर ज्वेलरी दुकान से डेढ़ लाख के जेवर ले उड़ी महिलाएं, सोने के जेवर चोरी करने वाली 3 महिलाएं गिरफ्तार
कटनी। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर सोने के जेवर चोरी करने वाली तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.52 लाख मूल्य के चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिलौड़ी निवासी ज्वेलरी व्यवसायी अमित प्रसाद सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 सितंबर को उनकी दुकान पर ग्राहकों की काफी भीड़ थी। इसी दौरान तीन महिलाएं जेवर देखने के बहाने दुकान में आईं और भीड़ का फायदा उठाकर सोने के जेवर चोरी कर फरार हो गईं। शिकायत के आधार पर थाना ढीमरखेड़ा में अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर सुमन उर्फ रोशनी (40), लक्ष्मी उर्फ नेहा (50) और तरूणा उर्फ तनू (27) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों महिलाओं ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने के जेवर बरामद कर लिए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनिल पांडे सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।