सिलौड़ी में ज्वेलरी शॉप से 1.52 लाख रुपये के जेवर पार, भीड़ का फायदा उठाकर ले उड़ा चोर

कटनी। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिलौड़ी में एक ज्वेलरी शॉप से 1.52 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर ने दुकान में लगी भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिलौड़ी स्थित ‘कस्तूरबा ज्वेलर्स’ के संचालक अमित सोनी (40) पिता राजेंद्र प्रसाद सोनी मंगलवार दोपहर अपनी दुकान पर ग्राहकों को सामान दिखा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 11:45 बजे दुकान में लगी भीड़ और व्यस्तता का लाभ उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोने-चांदी के आभूषणों से भरा पैकेट/डिब्बा पार कर दिया।
दुकान संचालक अमित सोनी को जब जेवर गायब होने का अहसास हुआ, तो उन्होंने आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गए सोने-चांदी के जेवरों की कुल कीमत लगभग 1,52,000 रुपये बताई जा रही है। पीड़ित सर्राफा व्यवसायी की शिकायत पर ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने 1 सितंबर की शाम को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(4) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल पांडेय द्वारा की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *