कटनी पुलिस के तीन अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त, एसपी ने सम्मानपूर्वक दी विदाई

कटनी। कटनी पुलिस विभाग में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले तीन अधिकारी एवं कर्मचारी रविवार को अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। सेवानिवृत्त होने वालों में सउनि विश्वनाथ सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुन्ना लाल तथा प्रधान आरक्षक देवराज शर्मा शामिल हैं। तीनों ने अपने सेवाकाल में विभिन्न जिम्मेदारियों का निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करते हुए विभाग को उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कीं।
विश्वनाथ सिंह वर्ष 1987, मुन्ना लाल वर्ष 1984 तथा देवराज शर्मा वर्ष 1987 में पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए विभागीय दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तीनों सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों की सेवाएं और अनुभव विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक, सूबेदार सोनम उईके, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिजन भी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *