स्टेशन जा रहे बुजुर्ग दंपत्ति पर अज्ञात बदमाशों ने किया हमला, मारपीट में पति पत्नी घायल, कोतवाली के कैलवारा क्षेत्र की घटना, हमलावरों की तलाश

कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैलवारा फाटक के पास शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे मोटरसाइकल सवार एक बुजुर्ग दंपति पर दो अज्ञात युवकों ने लाठी डंडों से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घर से रेलवे स्टेशन जाने के दौरान बुजुर्ग दंपती पर अज्ञात युवकों द्वारा किए गए हमले में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह हुई घटना
पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 961/26 थाना कोतवाली में दर्ज किया गया है। फरियादी छोटेलाल साहू (60 वर्ष) निवासी ग्राम कैलवारा खुर्द, कुम्हार मोहल्ला ने बताया कि 29 अगस्त 2026 की रात करीब 10:20 बजे वह अपनी पत्नी कमला साहू को पेट दर्द के इलाज के लिए भुसावल ले जाने हेतु मोटरसाइकिल से कटनी रेलवे स्टेशन जा रहे थे। भिलाई मोड़ के आगे कुशवाहा वर्कशॉप के सामने सूफी संत नगर मार्ग पर दो युवक डंडे लेकर खड़े थे। घायल दंपत्ति ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि युवकों ने मोटरसाइकिल रोकने का प्रयास किया। वाहन नहीं रोकने पर एक युवक ने डंडे से वार कर दिया, जिससे छोटेलाल साहू मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े। पीछे बैठी उनकी पत्नी भी गिरकर घायल हो गईं।
डंडो से किया हमला
पीड़ित का आरोप है कि दोनों युवकों ने अश्लील गालियां देते हुए पति-पत्नी के साथ डंडों से मारपीट की। हमले में छोटेलाल साहू के सिर तथा कमला साहू के सिर एवं बाएं हाथ में चोटें आईं। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पास में रहने वाले सुरेश कुशवाहा के घर पहुंचे और अपने पुत्र सतीष साहू को सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को ऑटो से एमजीएम अस्पताल कटनी लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 126, 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *