नन्हीं बेटियों ने कलेक्टर की कलाई पर बांधा स्नेह का धागा, हर्षिता की कविता ने जीता कलेक्टर का दिल, राखी बंधवाकर बेटियों को दिया स्नेह और उपहार

कटनी। सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने निकले कलेक्टर आशीष तिवारी जब विकासखंड कटनी के ग्राम डिठवारा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे, तो माहौल कुछ ही पलों में बदल गया। निरीक्षण के बीच नन्हीं बालिकाओं ने कलेक्टर को राखी बांधने की इच्छा जताई। कलेक्टर श्री तिवारी ने भी बड़ी सहजता और आत्मीयता के साथ उनसे राखी बंधवाया।इस छोटे-से पल ने पूरे आंगनवाड़ी केंद्र में अपनत्व की मुस्कान भर दी। कलेक्टर ने बच्चों को लाड़, प्यार और दुलार किया,जिससे बच्चे अत्यंत प्रफुल्लित हो गये। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के बीच बच्चों से जुड़े सवाल
कलेक्टर श्री तिवारी ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और उनके दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी सहायिका श्रीमती करुणा शुक्ला से केंद्र में आने वाले बच्चों के आधार कार्ड और समग्र आईडी के संबंध में जानकारी प्राप्त की।उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र से जुड़े प्रत्येक बच्चे का आधार कार्ड एवं समग्र आईडी सहित आवश्यक दस्तावेज पूर्ण होना चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा शासन की योजनाओं और सुविधाओं से वंचित न रहे। कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों, पढ़ाई, मिलने वाले नाश्ता और सुविधाओं के बारे में सहजता से जानकारी ली।
हाथी राजा कहाँ चले’… और कलेक्टर के चेहरे पर आ गई मुस्कान
इसी दौरान कलेक्टर श्री तिवारी की नजर नन्हीं बिटिया हर्षिता राजपूत पर पड़ी। उन्होंने हर्षिता से कविता सुनाने को कहा।हर्षिता ने बिना झिझक अपनी तोतली बोली में पूरे आत्मविश्वास के साथ ‘हाथी राजा कहाँ चले….’ कविता सुनानी शुरू कर दी। नन्हीं बालिका का आत्मविश्वास और उसकी मासूम प्रस्तुति देखकर कलेक्टर श्री तिवारी भी प्रसन्न हुए। उन्होंने हर्षिता को चॉकलेट देकर उत्साह बढ़ाया। यह पल केवल एक कविता सुनने का नहीं था, बल्कि उसे प्रोत्साहित करने का था, जो किसी बच्चे के व्यक्तित्व की मजबूत नींव बनता है।
बन गया भाई-बहन का रिश्ता
डिठवारा आंगनवाड़ी में सबसे भावुक क्षण तब आया, जब नन्हीं बालिकाएं संजना राजपूत और हर्षिता राजपूत ने कलेक्टर की कलाई पर राखी बांधी। कलेक्टर श्री तिवारी ने स्नेहपूर्वक दोनों से राखी बंधवाई और उन्हें चाकलेट और उपहार भेंट कर सभी बच्चों से प्रतिदिन आंगनबाड़ी आने की बात कही।