कजलिया मेले की तैयारियां पूर्ण, निगम ने की चाक-चौबंद व्यवस्थाएं, निर्मित कराया गया कृत्रिम जलकुंड, घाट क्षेत्र में सुरक्षा के लिए की गई बैरिकेटिंग

कटनी। गाटरघाट स्थित श्री राम मंदिर के समीप शनिवार को आयोजित होने वाले कजलिया मेले में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। मेले को लेकर निगम द्वारा स्वच्छता, कीटनाशक छिड़काव, पेयजल, प्रकाश, आवागमन तथा घाट क्षेत्र में सुरक्षा हेतु बेरीकेट्स के इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।
उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए घाट परिसर के पूर्व कजलिया विसर्जन हेतु कृत्रिम जलकुंड का निर्माण कराकर शुद्ध जल की व्यवस्था की गई है। वही मेला स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई के साथ ही रात्रिकालीन आयोजन को देखते हुए मेला क्षेत्र एवं पहुंच मार्गों की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पानी टैंकर की व्यवस्था की गई है। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आवश्यकतानुसार गड्ढों की फिलिंग कराई गई है।
मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए घाट क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक स्थानों पर घाट में रस्सी से बैरिकेटिंग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रहे और घाट के संवेदनशील हिस्सों में अनावश्यक भीड़ न पहुंचे। इसके अतिरिक्त घाट परिसर पर सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से फायर ब्रिगेड वाहन के साथ ही ट्यूब, लाइफ जैकेट, स्विमिंग रिंग आदि के माकूल इंतजाम किए गए है। मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए सफाई अमले की तैनाती एवं निगरानी सुनिश्चित की गई है। निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें, जिससे मेले के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *