हाईवे पर डीजल चोरी करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर डीजल बरामद, झिंझरी चौकी क्षेत्र में की थी चोरी, कार भी बरामद
कटनी। माधवनगर की झिंझरी पुलिस ने एनएच-30 हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 225 लीटर चोरी का डीजल, डीजल निकालने में प्रयुक्त उपकरण तथा घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में, एसडीओपी शिवा पाठक तथा थाना प्रभारी माधवनगर शैलेन्द्र सिंह यादव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को ट्रेलर चालक सुरेश कुमार खरोल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25-26 अगस्त की रात पिपरौंध स्थित जायसवाल ढाबा के सामने खड़े उसके ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन तोड़कर अज्ञात चोर डीजल चोरी कर ले गए। चालक ने घटना के दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को ट्रक के आसपास घूमते हुए भी देखा था। मामले की जांच के दौरान झिंझरी पुलिस ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से संदिग्ध कार MP 21 CA 6181 को पिपरौंध निवासी नीलेश उर्फ अंकू जैन के गोदाम से बरामद किया। तलाशी में 9 डिब्बों में लगभग 225 लीटर डीजल, डीजल निकालने का पाइप, दो बड़ी चुंगी तथा चोरी में प्रयुक्त कार जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने डीजल चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस को मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता के भी सुराग मिले हैं और उनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पूर्व में भी डीजल चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। उसे पुलिस रिमांड पर लेकर जिले में हुई अन्य डीजल चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी, जिससे और मामलों का खुलासा होने की संभावना है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी राजेश कुमार दुबे, सउनि शशिभूषण सिंह, सतीश भगत, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, राजेश चौधरी, आरक्षक संजय यादव, सौरव कुमार, चन्द्रकमल पाण्डेय तथा साइबर सेल के आरक्षक अजय साकेत की सराहनीय भूमिका रही।