कटनी में ईद मिलादुन्नबी पर निकली बाइक रैली और पैदल जुलूस, अमन-भाईचारे का दिया संदेश
कटनी। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर में सोमवार को उत्साह और श्रद्धा के साथ बाइक रैली एवं पैदल जुलूस निकाला गया। कार्यक्रमों के माध्यम से पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं का संदेश देते हुए आपसी भाईचारे, प्रेम और अमन-शांति का पैगाम दिया गया।
सुबह ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के तत्वावधान में अध्यक्ष अहमद कुरैशी के नेतृत्व में बाइक रैली निकाली गई। रैली दिलावर चौक मैदान से प्रारंभ होकर बरगवां, मिशन चौक, अहिंसा चौक, कचहरी चौराहा, गायत्री नगर, रोशन नगर, दुर्गा चौक, खिरहनी ब्रिज, गर्ग चौराहा, सुभाष चौक और अहमद नगर होते हुए मिशन चौक पर संपन्न हुई। दोपहर में अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट के तत्वावधान में पैदल जुलूस निकाला गया। जुलूस दिलावर चौक मैदान से शुरू होकर आजाद चौक सहित शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अंजुमन इस्लामिया स्कूल में समाप्त हुआ।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर लंगर का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संदेश इंसानियत, प्रेम, करुणा और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। कार्यक्रम में लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद भी दी। इस अवसर पर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष अहमद कुरैशी, अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष हाजी केश अहमद (लिप्पू भाई), वक्फ कमेटी के जिला अध्यक्ष हाजी मुन्ना भाई, हज कमेटी के अध्यक्ष गुलाम ख्वाजा नियाजी, इंतजामिया कमेटी के गुलाम जफर, इमरान मंसूरी, राजा खान, मोहम्मद इफ्तिखार, एडवोकेट इमरान फरीदी, गुलाम फरीद, मोहसीन खान, शफीक खान सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।