पॉश कॉलोनियों से लेकर घनी बस्तियों तक चला वृहद कीटनाशक छिड़काव अभियान, मौसमी बीमारियों के प्रसार पर नियंत्रण हेतु निगम प्रशासन मुस्तैद
कटनी। बारिश के मौसम में मच्छरजनित एवं संक्रामक बीमारियों के संभावित प्रसार को रोकने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कीटनाशक छिड़काव एवं फॉगिंग अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। पॉश कॉलोनियों से लेकर घनी बस्तियों और संवेदनशील क्षेत्रों तक निगम की टीमें पहुंचकर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को चिन्हित करते हुए आवश्यकतानुसार कीटनाशक का छिड़काव कर रही हैं।
इन वार्डों में चला छिड़काव अभियान
स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी ने बताया कि निगम के स्वास्थ्य अमले की टीम द्वारा बुधवार को वार्ड क्रमांक 2,5,13,15,18,20,27,29,32,33,37,39,40,43 एवं वार्ड क्रमांक 44 सहित नगर के अन्य वार्डों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर मच्छर जनित बीमारियों के प्रसार पर नियंत्रण के प्रयास किए गए। निगम प्रशासन का प्रयास है कि मौसमजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सिर्फ प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों तक ही नहीं, बल्कि शहर की हर गली और बस्ती तक स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश और आवश्यक सेवाएं पहुंचें। जलभराव वाले स्थानों, नालियों, खाली प्लॉटों एवं अन्य संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले, टंकियों तथा अन्य पात्रों में जमा पानी को नियमित रूप से खाली करें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। सामूहिक प्रयासों से ही डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। निगम प्रशासन ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि बदलते मौसम में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कीटनाशक छिड़काव एवं फॉगिंग अभियान आवश्यकता के अनुसार निरंतर जारी रहेगा।