नवोदय विद्यालय के आवासीय घर में चोरी, पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने जुटाए महत्वपूर्ण साक्ष्य
कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र स्थित नवोदय विद्यालय के आवासीय घर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना की रिपोर्ट पर थाना बड़वारा में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत चोरी का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस टीम को मामले की जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जांच के दौरान डॉग स्क्वायड एवं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने घटनास्थल का बारीकी से परीक्षण किया। टीम द्वारा मौके से महत्वपूर्ण भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस अब इन साक्ष्यों के साथ अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने मामले का जल्द खुलासा करने के लिए जांच में जुटी टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।