ससुराल आए युवक का सड़क किनारे मिला नग्न शव, जांच में जुटी पुलिस
कटनी। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम झित्रा पिपरिया और भमका के बीच सड़क किनारे एक युवक का नग्न अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ढीमरखेड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
कपड़े और सामान मिले दूर, पैर में मिले मोजे
घटनास्थल के पास से मृतक के कपड़े, जूते और पन्नी में रखी कुछ अन्य सामग्री बरामद की गई है। मृतक के पैरों में केवल मोजे पाए गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चपना निवासी रणजीत सिंह के रूप में हुई है।
काम से निकला था बाहर, फिर नहीं लौटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रणजीत सिंह की ससुराल ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भमका में है और वह कुछ दिन पहले ही यहां आया हुआ था। परिजनों ने बताया कि वह घर से किसी काम के सिलसिले में निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पाया गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान भिजवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।