ताकि त्योहारों में बनी रहे शांति और सुरक्षा, रक्षाबंधन, कजलिया एवं ईद को लेकर एनकेजे पुलिस ने की शांति समिति की बैठक
कटनी। त्योहारों के दौरान थाना क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, क्षेत्र के लोग शांतिपूर्ण माहौल में त्योहारों का आनंद उठा सके, इस बात को ध्यान में रखते हुए एनकेजे पुलिस के द्वारा गत दिवस थाने में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। रक्षाबंधन, काजलिया एवं ईद पर्व को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
जानकारी देते हुए एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि शांति व्यवस्था को मद्दे नजर रखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के द्वारा विशेष निर्देश प्रदान किए गए हैं। प्राप्त निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, मुख्यालय एसडीओपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में गत दिवस शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। प्राप्त सुझावों के आधार पर क्षेत्र की शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए व्यापक प्रयास किए जाएंगे। थाना प्रभारी श्री राजपूत ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपत्तिजनक स्थिति या संदेहजनक स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते बदमाशों पर अंकुश लगाया जा सके।