एनएसयूआई की बड़ी जीत, रेलवे स्कूल में शिक्षकों की भर्ती का आदेश जारी
कटनी। एनकेजे रेलवे स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी के खिलाफ एनएसयूआई जिला कटनी द्वारा जिला अध्यक्ष अजय खटिक के नेतृत्व में किए गए आंदोलन का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। छात्रों के साथ किए गए धरना-प्रदर्शन और रेलवे प्रशासन को दिए गए एक माह के अल्टीमेटम के बाद पश्चिम मध्य रेलवे ने शिक्षकों की भर्ती का आदेश जारी कर दिया है। एनकेजे रेलवे स्कूल में कक्षा पहली से बारहवीं तक बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन लंबे समय से शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इस गंभीर समस्या को लेकर एनएसयूआई ने छात्रों के साथ स्कूल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया था और चेतावनी दी थी कि यदि निर्धारित समय सीमा में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद रेलवे अधिकारियों एवं स्कूल प्रबंधन के साथ हुई चर्चा में एनएसयूआई को लिखित आश्वासन दिया गया था कि एक माह के भीतर आवश्यकता के अनुसार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई नियमित रूप से संचालित हो सके। इसी क्रम में 20 अगस्त 2026 को पश्चिम मध्य रेलवे, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जबलपुर द्वारा कार्यालय आदेश क्रमांक 1112/2026 जारी कर संविदा शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है। आदेश के अनुसार पीजीटी, टीजीटी एवं पीआरटी सहित विभिन्न पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
इस अवसर पर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि यह जीत केवल एनएसयूआई की नहीं, बल्कि उन सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों की जीत है जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई हमेशा छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल आंदोलन करना नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। रेलवे द्वारा शिक्षकों की भर्ती का आदेश जारी होना हमारे संघर्ष और छात्रों की एकजुटता की बड़ी सफलता है। एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, पर्याप्त शिक्षक और नियमित कक्षाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी छात्रों के हित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संगठन मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।