क्रूरता पूर्वक ट्रक में ले जाए जा रहे थे मवेशी, निवार पुलिस ने पशु तस्करों को दबोचा, 354 पशुओं से भरा ट्रक पकड़ाया, 7 आरोपी गिरफ्तार
कटनी। माधवनगर थाने की निवार चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध परमिट के 354 भेड़-बकरीयों का क्रूरता पूर्वक परिवहन कर रहे 12 चक्का ट्रक को जब्त कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटरयान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में चौकी निवार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित लखापतेरी के पास पंछी ढाबा के सामने वाहन की घेराबंदी कर कार्रवाई की। जांच के दौरान 12 चक्का टाटा ट्रक (क्रमांक MP17HH3130) में कुल 354 पशु मिले, जिनमें 310 जीवित भेड़, 4 मृत भेड़ तथा 40 बकरी/बकरे शामिल थे। पुलिस के अनुसार पशुओं को ट्रक में अत्यधिक संख्या में ठूंसकर भरा गया था और परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पुलिस ने वाहन चालक सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक एवं सभी पशुओं को जब्त कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निवार उपनिरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कमलेश प्रसाद शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन एवं प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।