पीरबाबा बाईपास फ्लाईओवर पर लोडेड कैप्सूल पलटा, बड़ा हादसा टला

कटनी। गुरुवार को जबलपुर से मैहर की ओर जा रहा एक लोडेड कैप्सूल ट्रक पीरबाबा बाईपास फ्लाईओवर पर चढ़ते समय अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर बेक हो गया। बेकाबू ट्रक ने एनएचएआई के डिवाइडर को क्षतिग्रस्त कर दिया और चौरसिया ढाबे के पास पलट गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक MP19-HA-8110 को चालक कौशल पटेल (39 वर्ष), निवासी अमरपाटन चला रहे थे। उनके साथ कंडक्टर भी मौजूद था। वाहन के मालिक पुष्पेंद्र मिश्रा बताए गए हैं। हादसे के बाद चालक और कंडक्टर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जिस स्थान पर कैप्सूल पलटा, वहां चौरसिया ढाबा संचालित है और आसपास निर्माण कार्य भी चल रहा है। हादसे के समय ढाबे पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था तथा निर्माण कार्य में लगे मजदूर भोजन के लिए वहां से जा चुके थे। यदि उस समय लोग मौके पर होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना प्रभारी टीआई अनूप सिंह ने तत्काल पुलिस बल को मौके पर भेजा। एसआई शशिभूषण दुबे, एएसआई अशोक सिंह एवं आरक्षक राज कुमार अहिरवार ने पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। इसके साथ ही झिंझरी चौकी पुलिस और एनएचएआई की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
एनएचएआई ने हाइड्रा मशीन की सहायता से पलटे हुए कैप्सूल को सड़क किनारे हटाकर मार्ग को सुचारु कराया। हादसे में ट्रक और एनएचएआई के डिवाइडर को नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि वाहन अनियंत्रित होकर पीछे की ओर क्यों बेक हुआ। इस दुर्घटना में कई लोगों की जान बाल-बाल बच गई। समय रहते ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई और मौके पर लोगों की अनुपस्थिति के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।