चार माह से फरार 10 हजार का इनामी पॉक्सो आरोपी गिरफ्तार, रंगनाथ नगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
कटनी। थाना रंगनाथ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर प्रकरण में चार माह से फरार चल रहे ₹10,000 के इनामी आरोपी जतिन उर्फ अंशु वर्मन को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को थाना रंगनाथ में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 215/2026 दर्ज किया गया था। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज है। घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया था। थाना प्रभारी अरुणपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के माध्यम से आरोपी की तलाश जारी रखी। जांच में सामने आया कि आरोपी गुजरात, जबलपुर और नागपुर सहित कई शहरों में लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कटनी स्थित अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही थाना रंगनाथ पुलिस ने पीर बाबा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी में थाना प्रभारी अरुणपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बहादुर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अनिल तिवारी, प्रधान आरक्षक लालजी यादव, महिला आरक्षक रुचिका अग्रहरि, साइबर सेल टीम तथा थाना रंगनाथ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।