सराफा बाजार में निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर मजदूर की मौत, सुरक्षा मानकों से खिलवाड़, पुलिस जांच में जुटी

कटनी। शहर के व्यस्त सराफा बाजार में मंगलवार दोपहर निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे एक मजदूर की ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान दीपक रैदास (32) पिता फग्गू राम रैदास, निवासी कटारिया थाना ढीमरखेड़ा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में एनकेजे थाना क्षेत्र के चुनकहाई मोहल्ला में रहकर मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार, दीपक सराफा बाजार स्थित मंदार ज्वेलर्स के समीप निर्माणाधीन बिल्डिंग में कार्यरत था। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे काम के दौरान वह अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे के बाद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक किस ठेकेदार के अधीन कार्य कर रहा था, निर्माणाधीन भवन का मालिक कौन है और मजदूरों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि मृतक किस ठेकेदार के अधीन कार्यरत था तथा निर्माणाधीन भवन का मालिक कौन है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और किसी प्रकार की लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *