गांजा तस्करों पर बड़वारा पुलिस ने कसा शिकंजा, गांजे की खेप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.330 किलोग्राम गांजा एवं एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1.55 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। इसी दौरान 14 अगस्त 2026 को ग्राम पठरा के आगे पुरानी पक्की डामर रोड पर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शिव कुमार चौधरी (37) निवासी पहरिया, राजकुमार चौधरी (46) निवासी मोहास एवं धर्मेन्द्र कुमार चौधरी (40) निवासी मोहास, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताए।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मोटरसाइकिल (क्रमांक MP21 MP 0281) की तलाशी ली। बाइक में टंगे सफेद-लाल रंग के थैले से 2.330 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजा एवं वाहन जब्त कर तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है तथा उनसे गांजा के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि सुयश पाण्डेय, उनि विष्णुशंकर जायसवाल, प्रधान आरक्षक पवनराज, वीरेन्द्र चढ़ार, नीतेश डोंगरे, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, शिवप्रकाश तिवारी एवं बृजलाल प्रजापति की विशेष भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *