स्वतंत्रता दिवस पर कोतवाली थाने में गरिमामय ध्वजारोहण, शहर कोतवाल राखी पांडे ने दिया राष्ट्रसेवा का संदेश
कटनी। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोतवाली थाना परिसर में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर कोतवाल राखी पांडे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम में थाना स्टाफ ने राष्ट्रगान गाया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। ध्वजारोहण के बाद शहर कोतवाल राखी पांडे ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आमजन की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर कोतवाली थाने का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।