स्वतंत्रता दिवस पर कैमोर में निकली भव्य श्रमिक तिरंगा रैली, कैमोर बचाने का लिया संकल्प
कटनी/कैमोर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैमोर सीमेंट एवं खदान कर्मचारी संघ के तत्वावधान में कैमोर के पेट्रोल पंप बस स्टैंड एवं संघ कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष गणेश राव ने भारत माता का पूजन-अर्चन कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान, अध्यक्षीय उद्बोधन एवं प्रसाद वितरण किया गया। इसके पश्चात संघ कार्यालय से विशाल श्रमिक तिरंगा रैली निकाली गई, जो अमरैया पार, बस स्टैंड और खलवारा बाजार होते हुए पेट्रोल पंप स्थित ध्वज स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान “कैमोर जगाओ, कैमोर बचाओ” का नारा पूरे नगर में गूंजता रहा।
अपने संबोधन में गणेश राव ने नगरवासियों से कैमोर के विकास और संरक्षण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं संघ के महामंत्री मुकेश गौतम ने क्षेत्र की समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि तीन-तीन उद्योग होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में छात्रों एवं आम नागरिकों को भी दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। श्रमिक नेता रवि दुबे ने कहा कि कर्मचारी संघ श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई पूरी ईमानदारी से विभिन्न न्यायालयों में लड़ रहा है और सभी श्रमिकों से संगठन के साथ एकजुट रहने की अपील की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक तमांग, अशोक जैन, संघ के कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता सुनील गौतम, वंशस्वरूप तिवारी, रामनरेश गौतम, नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत गुप्ता, नगर मंडलम अध्यक्ष कांग्रेस विकास सिंह, विक्कू दीक्षित सहित जमुवानी खदान, अमेठा उद्योग, एसीसी, एवरेस्ट उद्योग के श्रमिक, व्यापारी, युवा एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत गुप्ता ने सभी अतिथियों, श्रमिक साथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।