स्वतंत्रता दिवस पर कोतवाली पुलिस ने शैडो एरिया में चलाया सघन चेकिंग अभियान, दो संदिग्धों से 6 धारदार चाकू बरामद, किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे बदमाश

कटनी। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, लॉज, ढाबों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़कर उनके कब्जे से छह अवैध धारदार चाकू बरामद किए। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पकड़े गए दोनों बदमाश किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इससे पहले कि वे कामयाब हो पाते कोतवाली पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, लॉज और ढाबों के साथ-साथ शैडो एरिया एवं सुनसान स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच और पूछताछ की गई।
चेकिंग के दौरान खिरहनी फाटक रेलवे पुलिया के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक युवक के कब्जे से चार तथा एक विधि-विरुद्ध बालक के पास से दो धारदार चाकू बरामद हुए। कुल छह अवैध चाकू जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी सत्यम विश्वकर्मा (19 वर्ष), निवासी चंडिका नगर के कब्जे से दो बटनदार चाकू, एक धारदार चाकू और एक आरीनुमा चाकू बरामद किया। वहीं 16 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक के पास से एक बटनदार और एक धारदार चाकू मिला।
इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 903/2026 एवं 904/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और आगे भी सार्वजनिक स्थानों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद पैकरा, आरक्षक अमित सिंह एवं आरक्षक उपेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *