अवैध शराब परिवहन के खिलाफ माधवनगर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 36 लीटर शराब जब्त, दो युवक गिरफ्तार
कटनी। जिले के माधवनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 36 लीटर देशी लाल मसाला शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 24 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर शांतिनगर गेट के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान स्कूटी क्रमांक MP21ZK7876 को रोककर तलाशी लेने पर उसमें रखी 04 पेटी देशी लाल मसाला शराब (कुल 200 पाव, 36 लीटर) बरामद हुई।
मौके से हर्षित उर्फ हर्ष गंगवानी (19 वर्ष) एवं मंथन जेतवानी (19 वर्ष), दोनों निवासी झूलेलाल मंदिर वाली गली, माधवनगर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पूछताछ में आरोपी हर्षित ने बताया कि वह शराब गगन लोहानी के कहने पर ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया है। वहीं, मामले में गगन लोहानी के विरुद्ध धारा 49 बीएनएस के तहत विवेचना जारी है। वह फिलहाल फरार है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक कमलेश बैरागी, पवन सिंह, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह एवं अर्जुन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।