14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, शहर में गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश, फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से सुबह 9 बजे होगा यात्रा का शुभारंभ

कटनी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन कटनी द्वारा 14 अगस्त शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ प्रातः 9 बजे फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से होगा। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, एनसीसी, एनएसएस, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी। तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जहां नागरिकों के बीच राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह यात्रा शहर में राष्ट्रभक्ति के उत्साह को और अधिक सशक्त करने के साथ नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं की अभिव्यक्ति करने के लिए प्रेरित करेगी।
यह रहेगा तिरंगा यात्रा का मार्ग
तिरंगा यात्रा फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से प्रारंभ होकर गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेर माता मंदिर, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, सुभाष चौक होते हुए मोहन टॉकीज रोड से पुनः फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होने वाले नागरिकों के माध्यम से शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का वातावरण निर्मित होगा। विभिन्न सामाजिक एवं नागरिक संगठनों के साथ बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी और शहरवासी इसमें सहभागिता करेंगे।
नगरवासियों से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने नगरवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और 14 अगस्त को आयोजित तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा में सहभागिता राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकजुटता और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय उत्सव को उत्साह, उमंग और गौरव के साथ मनाने का आह्वान किया है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *